एकता का महत्व हिंदी निबंध Essay on ekta ka mahatva in hindi

 

एकता का महत्व हिंदी निबंध Essay on ekta ka mahatva in hindi

नमस्कार  दोस्तों आज हम  एकता का महत्व  इस विषय पर हिंदी निबंध जानेंगे। दुनिया में शक्ति को सबसे अधिक महत्त्व दिया जाता है। एकता में बहुत बड़ी शक्ति है। कई धागों के एक होने पर ही कपड़ा बनता है। जूट के कई कच्चे धागे मिलकर एक मजबूत रस्सी बनाते हैं। 


टीम के खिलाड़ियों की एकता स्पर्धा में उन्हें विजयी बना सकती है। एक होकर लड़ने से सैनिक बड़ी-बड़ी लड़ाइयाँ जीत लेते हैं। परिवार के लोगों की एकता उनकी उन्नति में सहायक होती है।


१५ अगस्त, १९४७ से पहले हमारा देश अंग्रेजों का गुलाम था। देश के लोगों ने एक होकर आजादी की लड़ाई लड़ी। गाँधीजी की नेतागिरी में भारत की जनता ने अपनी एकता का परिचय दिया। आखिर अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा और हम आजाद हुए।


कोई भी देश एकता के बिना प्रगति नहीं कर सकता। देश के लोगों में एकता होगी तभी वे मिल-जुलकर रह सकते हैं। संगठित देशवासी ही एक-दूसरे की सहायता करते हैं, 


देशहित के कामों में हाथ बँटाते हैं और अकाल, बाढ़, भूकंप आदि प्राकृतिक आपदाओं का डटकर मुकाबला करते हैं। जिन लोगों में एकता होती है, वे आपस में लड़कर अपनी शक्ति और समय बरबाद नहीं करते । गाँव-शहर के लोगों में एकता हो तो बहुत से काम श्रमदान द्वारा पूरे हो सकते हैं। 


जिस देश के लोगों में एकता होती है, उस देश को कोई गुलाम नहीं बना सकता। एकता न होने पर देश कमजोर हो जाता है। देश के लोगों की ताकत आपसी झगड़ों में खर्च हो जाती है। देश का विकास रुक जाता है। 


दूसरे देश इस हालत का फायदा उठाते हैं। लोगों में एकता न होने के कारण ही हमारा देश बरसों तक परतंत्र रहा था। सचमुच, एकता ही बल है, सच्ची शक्ति है। एकता में ही देश की शान है। दोस्तों ये निबंध आपको कैसा लगा ये कमेंट करके जरूर बताइए ।