हँसना सबसे अच्छी दवा है हिंदी निबंध | Essay on Laughter is Best Medicine in Hindi

 

हँसना सबसे अच्छी दवा है हिंदी निबंध | Essay on Laughter is Best Medicine in Hindi

नमस्कार  दोस्तों आज हम हँसना सबसे अच्छी दवा है इस विषय पर हिंदी निबंध जानेंगे। मनुष्य के जीवन में हँसना एक स्वाभाविक क्रिया है। आदमी जब खुश होता है, तब उसकी खुशी हँसी बनकर प्रकट होती है। हँसते समय उसके दाँत दिखाई पड़ते हैं और आवाज भी अनोखी हो जाती है। हँसने की क्रिया केवल मनुष्य ही कर सकता है।


हँसने से कई लाभ होते हैं । हँसने से मन के सारे तनाव दूर हो जाते हैं। मन कली की तरह खिल उठता है। इससे वातावरण आनंदमय बन जाता है। हँसी व्यायाम का भी काम करती है। इससे शरीर में रक्त का संचार ठीक से होने लगता है। 


इस तरह हँसने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है। जो हँसता है, वह जीवन में सफल और आबाद होता है। आजकल तो शहरों में 'हास्य क्लब' खुल गए हैं।


जापानी लोग हँसी को बहुत महत्त्व देते हैं । वे उदास रहने में अपना अपमान समझते हैं। वे हँसी को जिंदादिली की निशानी मानते हैं । वे अपने बच्चों को घोर विपत्ति में भी हँसते रहने की शिक्षा देते हैं।


हमारे अधिकतर महापुरुष हँसी पसंद करते थे। गांधीजी की हँसी प्रसिद्ध है। साधारण बातों में भी वे हँसी-मजाक करने से नहीं चूकते थे। नेहरूजी दिल खोलकर हँसते थे। इंग्लैंड के प्रधानमंत्री विन्स्टन चर्चिल लड़ाई के दिनों में भी हँसने के मौके निकाल लेते थे। 


अमेरिका के राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन भी हँसी पसंद करते थे। साहित्य में भी हँसी को महत्त्व दिया गया है। कुछ लोग हास्य-विनोद की रचनाएँ ही लिखते हैं। वे लेखक बड़े लोकप्रिय होते हैं। पत्र-पत्रिकाओं में चुटकुले छपते हैं। चुटकुले पढ़कर हम हँसते हैं और आनंद का अनुभव करते हैं।


सच कहें तो हँसने से दुख घटता है और सुख बढ़ता है। सचमुच, जो हँसता है, वही अपने जीवन को सफल बना सकता है। दोस्तों ये निबंध आपको कैसा लगा ये कमेंट करके जरूर बताइए ।