समय के महत्व पर निबंध | Samay Ka Mahatva Par Nibandh

 

 समय के महत्व पर निबंध | Samay Ka Mahatva Par Nibandh

नमस्कार  दोस्तों आज हम  समय के महत्व इस विषय पर हिंदी निबंध जानेंगे। समय दिखाई नहीं देता, पर सभी उसका महत्त्व स्वीकार करते हैं। जो समय का महत्त्व समझ लेता है, वह संसार में महत्त्वपूर्ण व्यक्ति बन सकता है।


आम तौरपर लोग धन को अधिक महत्त्व देते हैं, परंतु समय धन से भी अधिक मूल्यवान है। गया हुआ धन वापस मिल सकता है, पर बीता हुआ समय लौटकर नहीं आता। जो अवसर हाथ से निकल जाता है, वह फिर हाथ नहीं आ सकता। इसलिए समय को धन से भी अधिक महत्त्व देना चाहिए। 


समय को व्यर्थ गँवाना बहुत बड़ी भूल है। संसार में जितनी भी प्रगति हुई है, वह समय के सदुपयोग का ही परिणाम है। भली-भाँति पढ़ाई करके समय का सदुपयोग करनेवाले विद्यार्थी ही परीक्षा में अच्छे अंक पाते हैं। समय का सदुपयोग करनेवाला व्यापारी काफी धन कमा सकता है। 


समय का सदुपयोग करनेवाले महान वैज्ञानिकों ने अनूठे आविष्कार किए हैं। महान लेखकों और कवियों ने समय का सदुपयोग करके हमें श्रेष्ठ रचनाएँ दी हैं। राष्ट्रपिता गांधीजी समय के पक्के पाबंद थे। स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू रोज अठारह घंटे काम करते थे!


आलसी, कामचोर और निठल्ले लोग समय का मूल्य नहीं समझते। वे समय का दुरुपयोग करते रहते हैं। ऐसे ही लोग गुमराह होकर अपना जीवन बरबाद करते हैं। ये अपने परिवार, समाज और देश के लिए बोझ बन जाते हैं। 


समय का दुरुपयोग करनेवाले लोग कदम-कदम पर असफल होते हैं और भाग्य को कोसते हैं। समय का सदुपयोग ही जीवन जीने का श्रेष्ठ मार्ग है। समय पर उठना, समय पर व्यायाम करना, समय पर भोजन करना, 


समय पर पठन-पाठन, काम-काज और शयन करना आदि समय का सदुपयोग है। सचमुच, समय एक दुर्लभ संपत्ति है। समय का सदुपयोग करके ही हम अपने जीवन में सफलता पा सकते हैं और राष्ट्र को भी ऊँचा उठा सकते हैं। दोस्तों ये निबंध आपको कैसा लगा ये कमेंट करके जरूर बताइए ।