समय के महत्व पर हिंदी निबंध | Value of Time Essay in Hindi

 

 समय के महत्व पर हिंदी निबंध | Value of Time Essay in Hindi 

नमस्कार  दोस्तों आज हम  समय के महत्व इस विषय पर निबंध जानेंगे। कल करें सो आज कर समय की महिमा अगाध है। उसका बखान जितना करें उतना कम ही है। समय की धारा निरंतर बहती रहती है। यह समय का चक्र कभी रुकता नहीं। हम सभी को समय की बहाव में बहना पड़ता है। अंग्रेजी में ऐसा कहा गया है कि, "Time and tide wait for nobody" अर्थात समय और लहरें कभी किसी का इंतजार नहीं करती। 


कितना सत्य है यह ! सचमुच एक बार गुजरा हुआ समय लौटकर कभी वापस नहीं आता। इस दुनिया में खोई हुई कोई भी चीज दुबारा मिल सकती है-सिवा वक्त के ! इसीलिए कहा गया है- 'गुजरा हुआ जमाना आता नहीं दुबारा।'Time is money' (समय धन है।) यह सुवचन तो अब पुराना हो चुका। 


सच पूछिये तो 'समय स्वर्ण है।' (Time is Gold) मनुष्य जीवन की तरह समय भी बडा मूल्यवान होते हुए नाशवान भी है। मनुष्य का जीवन अनिश्चित और अल्प है। जीवन की यह नश्वरता और क्षणभंगुरता सर्वविदित है। जीवन में प्राप्त करने की अनेक श्रेष्ठ वस्तुएँ हैं। 


ज्ञान-विज्ञान का विशाल क्षेत्र तो मनुष्य को शुरू से ललकार रहा है। कला, संगीत, साहित्य जैसी श्रेष्ठ चीजें पाने के लिए बृहद् समय की जरूरत होती है।परंतु दुर्भाग्य से हमारा जीवन बहुत थोडा है। मृत्यु के कुएँ की तरफ समय हमें निरंतर खींच रहा है। 


न जाने किस घडी हम मौत के कुएँ में समा जाएँगे। उसके पहले हमें कुछ करना चाहिए। आलस्य का परित्याग करके कर्मठता का परिचय देना होगा। जो भी करना है, तुरंत करो। कल करने का विचार न करो। क्योंकि कल का कुछ भी भरोसा नहीं है। 

जो करना है, अभी-इसी वक्त करो। प्रत्येक पल का सदुपयोग करना सीखो। किसी भी काम के लिए शुभ अवसर का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। अच्छे काम के लिए कोई भी समय शुभ ही होता है। समय से बेफिक्र रहकर जो सोयेगा वह खोयेगा और जो सही वक्त पर जागेगा वही पायेगा। इसीलिए कहा गया है

"क्षणश: कणशश्चैव विद्यामर्थंच साधयेत।

क्षणत्यागे कुतो विद्या कणत्यागे कुतो धनम्॥" 


अर्थात्, क्षण-क्षण से विद्या और कणकण से धन का संग्रह होता है। क्षण को त्यागकर विद्या और कण को त्यागकर धन कहाँ से आयेगा ? कबीरदास का भी यही कहना है।

"कल करे सो आज कर, 

आज करे सो अब। 

पल में परलै होत है, 

बहुरि करेगो कब॥"

दोस्तों ये निबंध आपको कैसा लगा ये कमेंट करके जरूर बताइए ।